स्लीमनाबाद मुख्य मार्ग को बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के बंद कर दिया गया है। अंडरग्राउंड नहर निर्माण कार्य के चलते पर पटेल कंपनी द्वारा यह मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया गया है, जिससे क्षेत्र के हजारों नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मार्ग बंद होने के कारण आम नागरिकों को मजबूरन राष्ट्रीय राजमार्ग 30 से होकर आना-जाना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि कॉलेज और स्कूल के छात्र भी अब हाईवे से आवागमन करने को विवश हैं, जिससे सड़क हादसों की आशंका लगातार बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना वैकल्पिक मार्ग के इस तरह मुख्य सड़क को बंद करना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। हर दिन जोखिम भरे हालातों में बच्चे, बुजुर्ग और दोपहिया वाहन चालक हाईवे पार कर रहे हैं।
इस पूरे मामले में प्रशासन और नर्मदा विकास प्राधिकरण की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। क्या कार्य प्रारंभ करने से पहले वैकल्पिक मार्ग की योजना नहीं बनाई जानी चाहिए थी? और यदि किसी दुर्घटना की स्थिति बनती है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा?
फिलहाल क्षेत्रवासी जल्द से जल्द वैकल्पिक मार्ग खोलने और यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग कर रहे हैं, ताकि किसी बड़े हादसे से पहले प्रशासन चेत सके।