जबलपुर के पनागर थाना क्षेत्र में महिला से हुई लूट की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है।
थाना प्रभारी पनागर विपिन ताम्रकार ने बताया बुढागर निवासी हेमलता बर्मन के साथ उस समय लूट की वारदात हुई, जब वे पारिवारिक कार्य से बुढागर से महाराजपुर जा रही थीं। देर रात स्कूटी से आए तीन अज्ञात युवकों ने उनका रास्ता रोककर मोबाइल फोन, नकदी और मंगलसूत्र लूट लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पनागर पुलिस की विशेष टीम गठित की गई, जिसने तत्परता दिखाते हुए घटना के कुछ ही घंटों के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और लूटा गया पूरा मशरुका भी बरामद कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी स्कूटी (एक्सेस) का उपयोग कर वारदातों को अंजाम देते थे और रायपुर व देवरी बस्ती के निवासी हैं। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि गिरोह संगठित रूप से अपराध करता था तथा मढ़ोताल थाना क्षेत्र में भी कई लूट की घटनाओं में शामिल रहा है, जिस पर मढ़ोताल पुलिस द्वारा अलग से कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों में से एक के खिलाफ पनागर थाने में पहले से 3–4 मामले दर्ज हैं, जबकि अन्य दो के खिलाफ भी पूर्व में एक-एक मामला दर्ज है। पनागर पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आमजन में विश्वास और मजबूत हुआ है।
बाइट विपिन ताम्रकार थाना प्रभारी