तालाब पाटकर की जा रही प्लॉटिंग से जलभराव का खतरा, एसडीएम के नाम तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन। बदायूँ - ज़िले के सहसवान नगर के मोहल्ला शहबाजपुर के मोहल्लेवासियों ने तकिया कब्रिस्तान के पीछे तालाब पाटकर की जा रही प्लॉटिंग से गंदे पानी के निकास की समस्या को लेकर उपजिलाधिकारी सहसवान के नाम तहसीलदार राकेश कुमार को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में मोहल्लेवासियों ने बताया कि तकिया कब्रिस्तान के पीछे पहले एक तालाब था जिसमें मोहल्ला शहबाजपुर की लगभग आधी आबादी के घरों का गंदा पानी एकत्र होता था। आरोप है कि प्रॉपर्टी डीलरों द्वारा तालाब को पाटकर प्लॉटिंग की जा रही है, जिससे गंदे पानी का प्राकृतिक निकास पूरी तरह प्रभावित हो गया है। इसके चलते गंदा पानी सड़कों पर जमा होने लगा है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि इस समय बरसात का मौसम चल रहा है। यदि गंदे पानी के निकास की समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले दिनों में जलभराव की स्थिति और गंभीर हो जाएगी तथा गंदा पानी लोगों के घरों में घुसने लगेगा। इससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा और संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा भी बढ़ जाएगा। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि नगर पालिका परिषद द्वारा अवैध कॉलोनियों एवं प्लॉटिंग पर रोक लगाने के बावजूद तालाबों को पाटकर प्लॉटिंग का कार्य लगातार जारी है, जिससे क्षेत्रवासियों में रोष व्याप्त है। मोहल्लेवासियों ने स्पष्ट किया कि उन्हें प्लॉटिंग किए जाने से कोई आपत्ति नहीं है। उनकी केवल यह मांग है कि प्लॉटिंग से पहले गंदे पानी की निकासी की समुचित एवं स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए, ताकि भविष्य में क्षेत्रवासियों को जलभराव जैसी समस्या का सामना न करना पड़े। मोहल्लेवासियों ने एसडीएम सहसवान से मांग की कि गंदे पानी के निकास की स्थायी व्यवस्था होने तक संबंधित प्लॉटिंग पर आवश्यक कार्रवाई की जाए। तहसीलदार राकेश कुमार ने एसडीएम के नाम संबोधित ज्ञापन प्राप्त कर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई का आश्वासन दिया।
तालाब पाटकर प्लॉटिंग का आरोप, जलभराव के खतरे पर SDM से कार्रवाई की मांग
